कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के जगई पुरवा मिलिट्री फ़ार्म के नज़दीक से पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया। लुटेरों के पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद किये गए।गिरफ्त में आये लुटेरे उस पीड़ित की सूचना पर पकगे गए जिसे १६ मार्च की सुबह इन लोगों ने असलहों के बल पर लूट लिया था।ये सभी जेल में बंद सरगना राजा बाबू के गैंग के सदस्य हैं जो अधिकतर लूट की घटनाएं चकेरी थाना क्षेत्र में ही करता है। एसपी ईस्ट ने पुलिस लाइंस में एक प्रेस वार्ता में बताया कि १६ मार्च की भोर में डिफेन्स कालोनी निवासी प्रेम सिंह एटा से लौट रहा था। ट्रेन से उत्तर कर वह टैम्पो के ज़रिये रामा देवी पहुंचा और पैदल घर की ओर जाने लगा तभी सत्यम विहार के पास घाट लगाये चार बदमाशों ने उसे घेर कर असलहे लगा दिए और उसकी जेब में रखे लगभग तीन हज़ार रूपये और दो मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर सर पर सरिया से वार कर घायल कर दिया और फरार होगये। घायल ने १०० नम्बर पर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँच कर उसे अस्पताल पहुंचाया और थाने लाकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध लूट का मुक़दमा पंजीकृत करा दिया।एफआईआर में पीड़ित ने एक का चेहरा अच्छी तरह पहचानने की बात कही थी। शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वाक् के समय लूट के शिकार प्रेम को वही लुटेरा अन्य साथियों सहित दिखा तो उसने तुरंत चकेरी थाने को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर चार लोगों की घेरा बंदी की और तीन को पकड़ लिया जबकि एक युवक भाग निकला।
