कानपुर। देश की पहली हाई स्पीड ट्रेन गतिमान को रेलवे विभाग दिल्ली आगरा के बाद दिल्ली कानपुर रूट में चलाने की योजना बना रहा है। इसके लिए बकायदा रेलवे ने सर्वे का काम करना भी शुरू कर दिया है। रेलवे के मुताबिक यह ट्रेन मथुरा आगरा वाया ट्रूण्डला होते हुए कानपुर पंहुचेगी। हालांकि इस ट्रेन में सवारी करने के लिए यात्रियों को अभी डेढ़ से दो साल तक इंतजार करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि हाई स्पीड ट्रेन गतिमान दिल्ली से आगरा की दूरी मात्र 90 मिनट में पूरी कर रही है। जिससे यात्रियों के बीच बहुत लोकप्रिय हो रही है। गतिमान को मिल रही जबरदस्त कामयाबी के बाद रेल विभाग अब देश की राजधानी दिल्ली से कानपुर शहर तक दूसरी गतिमान शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। नार्थ सेंट्रल रेलवे जोन ने इसके लिए सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है। बताते चलें कि प्रस्तावित गतिमान को चलाने की जिम्मेदारी इलाहाबाद के नार्थ सेंट्रल रेलवे जोेन को दी गई है। नार्थ सेंट्रल रेलवे जोन के जीएम अरुण सक्सेना के मुताबिक दिल्ली आगरा के बीच चलने वाली देश की पहली गतिमान को यात्री काफी पसंद कर रहे हैं। यही नहीं इसे उम्मीद से ज्यादा कामयाबी मिल रही है। अरुण सक्सेना के मुताबिक गतिमान की लोकप्रियता को देखते हुए रेलवे बोर्ड अब दिल्ली से कानपुर के बीच दूसरी गतिमान चलाने की तैयारी में है। इस प्रस्तावित गतिमान को अलीगढ़-ट्रूण्डला के बजाय मथुरा-आगरा के रास्ते चलाए जाने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए मथुरा-पलवल रुट पर सर्वे का काम शुरू भी कर दिया गया है। जीएम का दावा है कि इस प्रस्तावित गतिमान की औपचारिकताएं पूरी होकर ट्रेन संचालन शुरू होने में डेढ़ से दो साल का समय लग सकता है। उनके मुताबिक दिल्ली-आगरा गतिमान करीब ढ़ाई साल की औपचारिकताओं के बाद शुरू हो सकी थी। सिविल लाइन निवासी कारोबारी हरीशंकर गुप्ता ने बताया कि सप्ताह में एक बार काम से दिल्ली जाना पड़ता है। ऐसे में गतिमान कानपुर से चलने से कारोबारियों के लिए बहुत खुशी होगी।