कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने राजनैतिक और सांगठनिक रूप से प्रथम इकाई मानी जाने वाली बूथ की संरचना पर अपनी कवायद तेज कर दी है। आज भारतीय जनता पार्टी के बूथ गठन अभियान के उत्तर प्रदेश प्रभारी जेपीएस राठौर ने इसी क्रम में फजलगंज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय अंसल भवन में बैठक की। उन्होंने जिलेवार कुल बूथों की संख्या की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। कानपुर क्षेत्र में कुल 121 मण्डलों में 11614 बूथ हैं। सभी बूथों पर बूथ के अध्यक्ष बनाए गए। जिन बूथों में गठन नहीं हुआ है वहाँ 15 मई तक हर हाल में गठन कर लखनऊ प्रदेश कार्यालय को सूची भेजने को कहा। उन्होंने बताया कि जून माह के प्रथम सप्ताह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में वर्तमान कानपुर क्षेत्र के 11614 एवं बुंन्देलखण्ड क्षेत्र के लगभग 8000 बूथ अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
जून माह में शहर आ रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पालिका स्टेडियम का जेपीएस राठौर ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ दौरा किया। यहां पर उन्होंने तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर बालचन्द्र मिश्र, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय महामंत्री सुरेश अवस्थी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह चैहान, कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी, मोहित पाण्डेय आदि ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
इटावा के तीन मण्डल अध्यक्ष घोषित
क्षेत्रीय अध्यक्ष बालचन्द्र मिश्र ने आज इटावा के तीन मण्डल पुराना शहर से प्रभात दीक्षित, बढ़पुरा से रणवीर सिंह भदौरिया, ताखा से राहुल राज सिंह वर्मा को मण्डल अध्यक्ष मनोनीत किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष इटावा शिवमहेश दुबे थे।