कानपुर। विधान सभा चुनाव में भले ही देर हो लेकिन भारतीय जनता पार्टी चुनाव से पहले अपने सिपाहियों को प्रशिक्षित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। जिसके चलते खुद अमित शाह ने कमान संभाल रखी है। जिसका आगाज चार जून को रूमा स्थित सरस्वती महाविद्यालय में होगा। पार्टी का मानना है कि अगर सिपाही अपना शत प्रतिशत दे दिया तो प्रदेश में सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सकता।प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर सपाई आगामी विधान सभा चुनाव का माहौल बनाने में जुट गए। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी कैसे पीछे रह सकती है हो भी क्यों न लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रदेश की लगभग 400 सीटों पर बढ़त हासिल हुई थी। ऐसे में भाजपा का प्रयास है कि लोकसभा चुनाव का इतिहास दोहराते हुए प्रदेश की सत्ता हासिल किया जा सके। इसके लिए पार्टी ने बूथ जीतो का नारा दिया है। जिसके चलते बूथ प्रमुखों में जीत की भूख बढ़ाने का प्रयास किया जाने लगा। इसके लिए खुद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कमान संभाल रखी है। जिसकी शुरूआत कानपुर और बुन्देलखण्ड परिक्षेत्र की 52 सीटों के बूथ प्रमुखों से करने जा रहे हैं। अध्यक्ष का मानना है कि जीत का दरवाजा बूथ से खुलता है ऐसे में अगर यह लोग पूरी तरह से तैयार हो गए तो प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सकता। महत्वपूर्ण सम्मेलन को देखते हुए लगभग 15 दिनों से भाजपाई शंहशाह के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए है। जिलाध्यक्ष उत्तर सुरेन्द्र मैथानी ने बताया कि कानपुर बुन्देलखण्ड के 52 विधान सभा के बूथ प्रमुखों को अध्यक्ष संबोधित करेगें। यही नहीं अध्यक्ष सीधे बूथ प्रमुखों से भी संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि दोनों क्षेत्रों के लगभग 19 हजार बूथ प्रमुख सम्मेलन में भाग लेगें।
हाईटेक हैं मंच
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बलिया की रैली में तैयार हुआ मंच भी भाजपा अध्यक्ष के मंच के आगे फीका पड़ता दिखाई दे रहा है। जानकारों की माने तो मंच प्रदेश में पहली बार ऐसा तैयार किया गया है। मंच में एसी से लेकर अध्यक्ष के आराम करने की पूरी व्यवस्था की गई है। यहां पर लगभग 30 हजार लोगों की बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां पर एसी के अलावा 80 कूलर व तीन सौ से अधिक फैन लगाए गए है। इस सम्मेलन में लगभग एक करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा हैं।
सीटों का ब्यौरा किया तलब
जानकारों की माने तो भाजपा अध्यक्ष सभी बूथ प्रमुखों से विधानसभा की अनारक्षित और आरक्षित सीटों का ब्यौरा तलब किया है। जिसमें बूथ प्रमुख अध्यक्ष से अपनी-अपनी विधानसभा सीटों की जीत का गणित बताएंगें। यही नहीं जातिगत आंकड़ा भी पेश करने के लिए बूथ प्रमुखों को निर्देशित किया गया है।